फोटो 7बारिश में सीएचसी के पुराने भवन की टपकती छत।संवाद
नांगल चौधरी। नांगल चौधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का नया भवन अब करीब 16 करोड़ रुपये से बनेगा।
पीडब्ल्यूडी ने एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय में अप्रूवल के लिए भेज दिया है। अप्रूवल के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले बने एस्टीमेट में विभाग ने संशोधन किया था। भवन को इसीबीसी और फायर मानकों के आधार पर बनाया जाएगा।
केंद्र के कमरों की छतों से बारिश के समय पानी टपकता रहता है। वहीं कई कमरों में लिंटर गिर चुका है। बारिश में हालात और भी खराब हो जाते हैं। इसकी वजह से कभी भी कोई हादसा हो सकता है। बता दें कि भवन को करीब पांच साल पहले कंडम घोषित किया गया था लेकिन अभी भी लैब, एक्सरे व आयुष विभाग सहित अन्य कई सेवाएं पुराने भवन में मिल रही हैं।
नांगल चौधरी में बनाए जाने वाला सीएचसी का नया भवन करीब तीन मंजिल का होगा। इस नए भवन में लगभग सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही लोगों को इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नांगल चौधरी में 26 मई 1967 को स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया था।