फोटो नंबर-07दुकानों के बाहर रखे सामान को ट्रैक्टर ट्राली में डालते नप कर्मचारी। संवाद
नारनौल। नगर परिषद की टीम ने शुक्रवार को शहर के बाजारों में सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। सड़क की पटरियों पर रखे गए दुकानदारों के सामान को भी जब्त किया। कार्रवाई देख अन्य व्यापारी खुद अपना सामान हटाने लगे।
डीएमसी रणबीर सिंह के निर्देश पर नगर परिषद की टीम सबसे पहले महावीर मार्ग पर पहुंची। यहां अतिक्रमण हटाओ टीम को देखकर व्यापारियों ने अपना सामान समेटकर अंदर रखना शुरू कर दिया।
टीम के महावीर चौक पहुंचने से पहले ही इसकी जानकारी दुकानदारों को हो गई थी। इसके चलते दुकानदारों ने अतिक्रमण हटा लिया। दुकानदारों ने समय पर सामान नहीं उठाया, वहां नगर परिषद की टीम ने सामान को जब्त कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर लिया।
इस दौरान कुछ दुकानदारों के साथ नप कर्मचारियों की हल्की नोकझोंक भी हुई। नगर परिषद की कार्रवाई मुख्य रूप से महावीर मार्ग, पुल बाजार, मानक चौक और आजाद चौक क्षेत्रों में केंद्रित रही, जहां लंबे समय से दुकानदार सड़क पर कब्जा कर व्यापार कर रहे थे।
कई स्थानों पर तो दुकानदारों ने दुकानों के बाहर तख्त डालकर इतना अतिक्रमण कर रखा था कि पैदल राहगीरों के निकलने में भी परेशानी होती थी। डीएमसी रणबीर सिंह ने कहा कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर परिषद की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान प्रवीण जेई, प्रवीण ऑपरेटर, राजेश, रवि कौशिक सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।