फोटो नंबर-16अतिक्रमण हटाने के दौरान नप टीम से उलझते लोग। संवाद
नारनौल। नगर परिषद ने शनिवार को शहर में नलापुर चौक से छिप्पी जोहड़ तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए टीम बुलडोजर के साथ पहुंची। अभियान के दौरान करीब 50 घरों और दुकानों के आगे नाले पर बने चबूतरों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
अतिक्रमण हटाने को लेकर कई लोगों ने नगर परिषद अधिकारियों का विरोध किया और जमकर कहासुनी हुई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले केवल सात लोगों को नोटिस दिए गए थे। उनका कहना था कि पहले सूचना मिलती तो वे अपना सामान और निर्माण खुद हटा लेते।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जोगेंद्र सिंह कालीरामणा ने कहा कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। सड़क और सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण स्वीकार नहीं होगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।