फोटो संख्या:69- नगर पालिका कार्यालय में प्रधान कक्ष के बाहर बैठक स्थगित का चस्पा नोटिस--संवाद
महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ नगरपालिका की वीरवार को होने वाली हाउस बैठक सुबह स्थगित करने से 100 करोड़ से शहर के विकास को लेकर तैयार किए गए 30 प्रस्ताव धरे रह गए। वीरवार को होने वाली बैठक की पार्षदों से लेकर अधिकारियों तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी।
बैठक को लेकर नपा कार्यालय एवं प्रधान की ओर से 24 मुद्दों पर मंथन को लेकर 15 वार्ड पार्षदों के साथा-साथ दो मनोनीत पार्षदों को अवगत कराया गया था। जिला नगर आयुक्त, सांसद, विधायक को भी अवगत कराया था।
इस बैठक के लिए पार्षदों व व्यापारिक, धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों की ओर से विभिन्न कार्यों के लिए प्रस्ताव भी नगरपालिका में सौंपे गए थे। बैठक शुरू होने से महज तीन घंटे पहले ही बैठक को स्थगित करने के लिए आनन-फानन में पत्र भी जारी कर दिया।
शहर में व्यापारिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोगों का कहना है कि नगरपालिका की निर्धारित बैठक रद्द करना नियमों के विरुद्ध है।
नगरपालिका प्रधान भी बैठक को ऐसे रद्द नहीं कर सकते हैं। निर्धारित हाउस की बैठक केवल तीन कारणों से रद्द कर सकता है। इनमें से पहला कारण कोरम का अभाव, दूसरा हाउस के बहुमत के कहने और जब सदन आदेश नहीं मानें तो बैठक रद्द की जा सकती है।
-
वर्जन
अचानक तबीयत खराब होने के कारण बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। दस दिनों में बैठक निर्धारित कर कार्यक्रम तय किया जाएगा। बैठक से पूर्व सभी वार्ड पार्षदों व सामाजिक, धार्मिक संगठनों के सदस्यों को अवगत कराया जाएगा।
-रमेश सैनी, प्रधान, नगरपालिका महेंद्रगढ़।