गांव भांडोर ऊंची के खेत में लहराती गेहूं की फसल। संवाद
- फोटो : Narnol
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ का रहा। जिले का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। अगले तीन दिनों में मौसम शुष्क रहने और धीमी हवा चलने की संभावना है। पिछले वर्ष फरवरी में आखिरी सप्ताह में अधिकतम तापमान 21 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा था।
फरवरी में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। वीरवार के बाद शुक्रवार को क्षेत्र का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। फरवरी में ही लोग पंखे चलाने के लिए मजबूर हो गए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. दिवेश चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को पूरे प्रदेश में महेंद्रगढ़ सबसे गर्म जिला रहा। जिले का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आद्रर्ता 51 प्रतिशत व न्यूनतम 35 प्रतिशत रही ।
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी से 3 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान धीमी गति से हवा चलेगी। तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
गेहूं की फसल हो सकती है प्रभावित
कृषि एवं कल्याण विभाग के एसडीओ डॉ. अजय यादव ने बताया कि अगर लगातार 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान बना रहा तो यह गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक होगा। गर्मी से गेहूं की फसल की वृद्धि रुक जाएगी। फसल का उत्पादन भी प्रभावित होगा। सरसों की फसल पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। किसानों को सलाह देते हुए कहा कि गेहूं की फसल की सिंचाई जारी रखें। फसल में नमी कम नहीं होने दें।
फरवरी 2021 में पिछले पांच दिनों का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
21 30.0 7
22 30.5 7
23 30.8 7.5
24 33.8 13
26 34.5 12
फरवरी 2020 में तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
21 29.4 13
22 21 13
23 21 7.5
24 25 10
25 25 9
26 27 10.5