फोटो संख्या:65-नवरात्र पर कनीना में सजी दुकान--संवाद
कनीना। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ से बाजार में रौनक दिखाई देने लगी है। माता रानी की भक्ति से सराबोर श्रद्धालु बाजारों में पूजन सामग्री, चुनरी, माता की तस्वीरें व झंडे खरीदते नजर आ रहे हैं।
दुकानों पर सजी लाल चुनरियां, आकर्षक झंडे और कलश सजावट की वस्तुएं लोगों को अपनी ओर खींच रही हैं। आचार्य प्रवेश ने बताया कि विद्वानों के अनुसार नवरात्र का शुभारंभ घर पर कलश स्थापना से किया जाता है।
सबसे पहले घर को साफ-सुथरा कर पूजा स्थान पर माता रानी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। शुभ मुहूर्त में जल से भरा हुआ कलश रखें और उसमें आम्रपत्र व नारियल रखें। जौ बोकर अखंड ज्योति जलाएं और मां दुर्गा की आराधना शुरू करें।
नौ दिनों तक माता रानी की पूजा-अर्चना कर व्रत और भजन-कीर्तन करें। नवरात्र केवल उपवास का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। श्रद्धालु इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। संवाद