फोटो नंबर- 20देर रात गिरी खंडहर हवेली व दुकान का मलबा सड़क पर पड़ा हुआ। संवाद
नारनौल। शहर के मुख्य बाजार आजाद चौक में देर रात करीब दो बजे खंडहर हवेली भरभरा कर गिर गई। इससे बिजली के तार और खंभे भी टूट गए। वहीं सड़क पर पड़े मलबे के कारण दिनभर आवागमन बाधित रहा।
गनीमत यह रही की जानमाल की हानि नहीं हुई। आजाद चौक बाजार में पहले भी कई खंडहर हवेली व दुकानें गिर चुकी हैं। वहीं ऐसी कई दुकानें व हवेली भी हैं जो बहुत समय पहले बनी थी और मरम्मत नहीं होने के कारण कभी भी गिर सकती हैं लेकिन फिर भी दुकान मालिकों द्वारा ना तो मरम्मत का कार्य कराया जा रहा और ना ही खंडहर दुकान व हवेली को तोड़वाया जा रहा। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं प्रशासन द्वारा भी सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे।
मुख्य बाजार में कई ऐसी दुकानें व हवेली जो खंडहर हो चुकी हैं और कभी भी गिर सकती हैं। दिवाली में बाजार में भीड़ रहती है। प्रशासन से अपील है कि खंडहर दुकानों व मालिकों को सूचित कर इनको तोड़ने व मरम्मत का कार्य करवाया जाए।-प्रवीण कुमार, दुकानदार
-
गनीमत रही की खंडहर हवेली रात में गिरी। यदि दिन में यह हादसा होता तो कई लोगों को गंभीर चोट आ सकती थी। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है।-ओम प्रकाश रोहिल्ला, दुकानदार
-
खंडहर दुकानों के गिरने से बिजली का खंभा टूटकर सामने उसकी दुकान पर गिर गया। इससे उसकी दुकान के शटर और दीवार को नुकसान पहुंचा है। बाजार में बनीं दुकानाें के लिए मापदंड निर्धारित होने चाहिए।-दिनेश अग्रवाल, दुकानदार