सीसीटीवी फुटेज को चेक करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Narnol
शहर में पिछले पांच माह के दौरान रात के समय चोरों ने सात दुकानों को निशाना बनाया है। इन वारदातों में अधिकांश की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास है। लेकिन एक भी वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा अभी तक नहीं की गई है। वहीं मंगलवार रात को भी शहर के 11 हट्टा बाजार स्थित एक मेडिकल की दुकान का शटर तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने बैठक कर व्यापारियों से बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चौकीदारों की नियुक्ति के आदेश दिए थे। पीड़ित दुकानदार दीपक गुप्ता ने बताया कि रात डेढ़ बजे उसे सूचना मिली की मेडिकल का ताला टूटा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर जांच की तो शटर का ताला तोड़कर गल्ले से 5500 रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। जबकि लॉक को भी खोलने का प्रयास किया गया था। 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। चोरों द्वारा शटर का ताला तोड़कर अंदर रखे लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया गया था।
12 फरवरी रात को थाने से महज 200 मीटर दायरे में टूटे थे चार दुकानों के ताले
बता दें कि 12 फरवरी की रात थाने से महज 200 मीटर के दायरे में एक ही रात में आईटीआई रोड व शॉपिंग कांपलेक्स से चार दुकानों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये के लैपटॉप, मोबाइल व कपड़े चोरी कर ले गए थे। इस दौरान पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरों की साफ तस्वीरें भी सामने आई थी। वहीं नवंबर माह के दौरान भी एक ही रात में शॉपिंग कांपलेक्स के दो शोरूमों के शटर उखाड़कर लाखों रुपये की नकदी एवं कपड़े चोरी किए गए थे। इनमें से हुई अधिकांश घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास हैं लेकिन एक भी वारदात में शामिल आरोपी को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
16 फरवरी को व्यापारियों की बैठक में दिए थे चौकीदार रखने के आदेश
शहर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने 16 फरवरी को शहर के व्यापार मंडल एवं व्यापारियों की बैठक लेकर शहर को 10 जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में एक चौकीदार रखने के आदेश दिए थे। लेकिन एक सप्ताह का समय बीत जाने के बावजूद भी व्यापारियों ने चौकीदारों की नियुक्ति नहीं की। आए दिन बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापारियों का सहयोग मांगा था लेकिन अभी तक व्यापारियों द्वारा भी चौकीदारों की नियुक्ति को लेकर कोई योजना नहीं बनाई गई है।
व्यापारियों का सहयोग जरूरी
शहर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व शहर के व्यापारियों से बैठक कर जोन बनाकर चौकीदारों की नियुक्ति के आदेश दिए थे लेकिन अभी तक चौकीदारों की नियुक्ति नहीं की है। चोरी की वारदातों के बाद फिंगर प्रिंट उठाए गए थे जिनकी रिपोर्ट शीघ्र ही आएगी। मामले में जांच चल रही है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।