फोटो नंबर-17नारनौल में दोपहर के समय तेज धूप से बचाव कर जाती युवतियां। संवाद
नारनौल। रोजाना गर्मी के तेवर तल्ख होते जा हैं। सोमवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 36. 5 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी के चलते गत एक सप्ताह से लोगों के पंखे भी चलना शुरू हो गए। दोपहर के समय अब बाजार में आने-जाने वाले लोग गर्मी से बचने के लिए सिर पर कपड़ा व छत्ते का सहारा ले रहे हैं।
मार्च माह के शुरू में जहां दिन का तापमान 25 डिग्री के आसपास चल रहा था, वह अब माह के अंत में 35 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। दिन में जहां गर्मी होने लगी है, वहीं सुबह व शाम को हल्की ठंड के कारण लोग बीमार भी हो रहे हैं। इस मौसम को लेकर चिकित्सक भी लोगों को पौष्टिक भोजन व ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि जो गर्मी अप्रैल में शुरू होती है, वह अब दस दिन पहले ही मार्च माह में ही शुरू हो गई।
विशेषज्ञ की राय : पौष्टिक भोजन खाएं, खूब पानी पीएं
अब जो मौसम चल रहा है, वह स्वास्थ्य के लिए बहुत ही खतरनाक है। इस मौसम में ज्यादातर मरीज पेट में दर्द के आ रहे हैं। इस मौसम को देखते हुए पौष्टिक भोजन करना चाहिए व ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहना चाहिए। वहीं, बाजार के खाने से परहेज करना चाहिए। घर से निकलते समय भर पेट भोजन करके निकलना चाहिए। इस मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा शुगर, किडनी व सांस वाले मरीज भी अपना विशेष ध्यान रखे।
-डॉ. जितेंद्र यादव, फिजिशियन नागरिक अस्पताल