फोटो 10 किसानों से बातचीत करते इनेलो नेता। प्रवक्ता
- फोटो : 1
नारनौल। इनेलो ने शनिवार को अनाज मंडी में स्थापित किसान कष्ट निवारण केंद्र का दौरा कर नए खरीद नियमों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने किसानों व व्यापारियो के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सरकार से इन नियमों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
इनेलो के नेशनल पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य व पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा ने कहा कि इनेलो पार्टी पूरी मजबूती के साथ किसानों के साथ खड़ी है और मंडियों में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इनेलो द्वारा प्रदेशभर की मंडियों में किसान कष्ट निवारण केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां किसानों की सरसों व गेहूं बिक्री, भुगतान और अन्य समस्याओं पर चर्चा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है।
वहीं शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार फसल खरीद से जुड़े नए नियमों को वापस नहीं लेती है तो इनेलो कार्यकर्ता मंडियों में डटे रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता स्वयं मंडियों में मौजूद रहकर किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित कराएंगे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इनेलो नेताओं ने कहा कि पार्टी की लगातार मांगों के परिणामस्वरूप सरकार को कई महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़े हैं। इनमें मंडियों को 24 घंटे खुला रखना, ट्रेक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट की अनिवार्यता हटाना, फसल खरीद केंद्रों के लाइसेंस का नवीनीकरण करना और मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल को दोबारा खोलना और बारिश से हुए नुकशान का प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा शामिल है।