नारनौल। निजामपुर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को दक्षिणी हरियाणा सांस्कृतिक मंच द्वारा 24वां होली महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। होली महोत्सव में क्षेत्र की पारंपरिक कलाओं एवं विधाओं का लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक मंचन किया किया गया।
महोत्सव में विभिन्न गांवों की करीब 15 टीमों भाग लिया। कलाकारों ने होली पर आयोजित किए जाने वाले छंद, धमाल, गीत, हरियाणवीं नृत्य, रसिया, सांग, लोक गीत व संगीत की स्वर लहरियों से सभी लोगों को फाग उत्सव में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में बुजुर्गों में जोश, युवाओं में उत्साह तथा महिलाओं में एक अनोखी रूचि देखने को मिली। महोत्सव में 80-80 साल के बुजुर्ग अपने हाथों में ढफ लेकर ऐसे धमाल कर रहे थे मानों उन्हें अपने जमाने की होली याद आ गई हो। वहीं बुजुर्ग महिलाओं ने होली के लोक गीत गाकर होली की प्राचीन संस्कृति की याद दिला दी। इसके अलावा छात्राओं ने हरियाणवीं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश रहे। जबकि अध्यक्षता दक्षिणी हरियाणा संस्कृति मंच के प्रधान मास्टर संतलाल ने की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक ओम प्रकाश यादव ने कलाकारों का सम्मान कर उत्साह बढ़ाया किया। उन्होंने कलाकारों की सुंदर प्रस्तुतियों की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि दक्षिणी हरियाणा सांस्कृतिक मंच हमारी संस्कृति को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पिछले 24 वर्षों से इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। मंच का यह प्रयास अति सराहनीय है और इससे हमारी लुप्त होती जा रही संस्कृति जीवंत हो रही है। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व मंत्री कैलाश शर्मा, वासुदेव यादव, साहित्यकार भूप सिंह भारती आदि मौजूद रहे।