नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में मृतक के परिजनों जानकारी लेते थाना प्रभारी नवल किशोर शर्मा।
- फोटो : Narnol
गांव डेरोली जाट में मंगलवार की सुबह एक बुजुर्ग दंपती ने खेत में पेड़ पर फंदा डालकर फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बुजुर्ग दंपती को दिमागी रूप से परेशान बताया है। पुलिस ने दोनों शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार करीब 60 वर्षीय जिले सिंह और 57 वर्षीय जगवंती ने अज्ञात कारणों के चलते मंगलवार सुबह खेत में जाकर पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह करीब छह बजे खेतों में पहुंचे पड़ोसियों ने बुजुर्ग दंपती के शवों को पेड़ से लटका देखा। इसकी जानकारी दंपती के परिजनों को दी। जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग खेत में पहुंचे।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को उतारा। जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस में दिए बयान में बुजुर्ग दंपती के बेटे ने कहा उनके माता-पिता दिमागी रूप से परेशान थे। इसमें किसी का कोई कसूर नहीं है। पुलिस ने मृतकों के बेटे का बयान दर्ज कर इतफाकिया कार्रवाई की है। जिले सिंह खेती का कार्य करता था। जगवंति गृहिणी थीं। इनके दो लड़के हैं। वह दोनों भी खेती बाड़ी का काम करते हैं।