जिले में लगातार कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही अब विभाग तकनीक का भी सहारा लेने लगा है। जिससे संक्रमितों के मोबाइल नंबर को उसके घर के साथ टैगिंग की जा रही है। इससे जिले के गांवों व शहरों में ठीक हुए मरीजों, होम क्वारंटीन या अस्पताल में भर्ती समेत अन्य का ब्योरा गूगल मैप पर मिल रहा है। महेंद्रगढ़ ब्लॉक में यह कार्य पूरा हो गया है और अन्य ब्लॉकों में चल रहा है।
बता दें कि जिले में सात मई को हुडा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन कोरोनो पॉजिटिव केस मिले थे। इसके बाद से लगातार कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में जिला स्वास्थ्य विभाग अपने संसाधनों को बेहतर करने के साथ तकनीक का भी सहारा ले रहा है। जिससे महामारी पर पूरी तरह से नजर रखी जाए। जिला महामारी अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि सभी मरीजों को जीओ टैगिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे गूगल अर्थ मैप पर कोरोना वायरस के मरीजों की पूरी जानकारी एक क्लिक में मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इसे ब्लॉक वाइज अपडेट किया जा रहा है। इसके बाद एक साथ पूरे जिले को देखा सकेगा।
मैप पर कलर में भी दर्शाया गया है होम आइसोलेट और भर्ती
डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि इससे जिले में मरीजों की पूरी संख्या, गांव और शहर वाइज पूरी जानकारी मिल जाती है। इससे संबंधित को जिले में कंटेनमेंट जोन, ठीक हुए मरीजों और होम आइसोलेट मरीजों की जानकारी भी मैप पर मिल सकेगी। पिंक कलर से होम आइसोलेट और ओरेंज कलर से अस्पताल में भर्ती मरीजों को दर्शाया गया है। हालांकि इससे पुलिस को भी मदद मिल सकती है। जीओ टैगिंग होने से पुलिस गांवों में संक्रमित के लोकेशन के अनुसार नजर रख सकती है।
जिले में कब कितने मरीज मिले
जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। 22 जून तक 200 कोरोना वायरस के मामले आ चुके हैं। वहीं एक संक्रमित की मौत भी हो चुकी है। जून में दो जून को 19, तीन जून को 10, चार जून को तीन, पांच जून को चार, सात जून को 24, आठ जून को एक, नौ जून को चार, 11 जून को सात, 12 जून को सात, 14 जून को तीन, 15 जून को 13, 16 जून को पांच, 18 जून को 15, 19 जून को 17, 20 जून को 11, 21 जून केे 9 और 22 जून को सात मरीज आए थे। लॉकडाउन में जिला सुरक्षित था। लेकिन जैसे बाहर से आवाजाही बढ़ी, बीमारी भी बढ़ती जा रही है। जिले में अधिकांश कोरोना संक्रमित बिना लक्षण वाले हैं।
जिले में 84 कंटेनमेंट जोन एक्टिव
डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि जिले में 107 कंटेनमेंट जोन थे। इसमें एक्टिव जोन 84 हैं। उन्होंने बताया कि इन जगहों पर सैनिटाइज कर संक्रमितों के घर के आसपास बैरिकेट लगाया गया है। कंटेनमेंट जोन में पुलिस तैनात है। बता दें कि जिले में एक नागरिक अस्पताल और दो उप नागरिक अस्पताल हैं। इसके अलावा छह सीएचसी और 18 पीएचसी हैं। इसके अलावा सब सेंटर 135 हैं। जिले में आने वाले मरीजों में अधिकांश की ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली, गुरुग्राम व मुंबई समेत अन्य जगहों से आए हैं। जिले में सबसे अधिक संक्रमित गांव में हैं। जिले में सोमवार तक कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 200 थी। अब तक 124 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के 76 केस अभी भी एक्टिव हैं।