फोटो नंबर-11नारनौल का नागरिक अस्पताल।
नारनौल। जिले में काफी समय से चल रही चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 नए चिकित्सकों की सूची जारी की है। जिले को मिले 28 नए चिकित्सकों में 19 ने विभिन्न अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर अपना कार्यभार संभाल लिया है।
बाकि चिकित्सकों के कार्यभार संभालने की प्रक्रिया चल रही है। इन चिकित्सकों की भर्ती के बाद जिले में स्वास्थ्य सेवा में काफी सुधार होगा, क्योंकि अभी तक चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। देखा जाए तो अभी केवल गायनी विभाग में महिला चिकित्सक की कमी है और इसके लिए केवल एक महिला चिकित्सक को गुरुग्राम से नारनौल भेजा गया है। नागरिक अस्पताल में अन्य अस्पतालों की अपेक्षा सबसे ज्यादा डिलीवरी होती है। फिलहाल विभाग द्वारा इसके लिए तीन चिकित्सकों को ऑनकाॅल बुलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गत दिनों प्रदेश सरकार 533 नए चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए थे। इसमें जिला महेंद्रगढ़ को भी 28 मेडिकल ऑफिसर मिले हैं। इनमें सबसे अधिक 16 महेंद्रगढ़, नारनौल में 4, सतनाली में 3, कनीना में 2, नांगल चौधरी में एक, अटेली में एक व नांगल सिरोही में एक चिकित्सक शामिल है। चिकित्सकों की नियुक्त होने से जिले की जिन सीएचसी व पीएचसी में चिकित्सकों की कमी बनी हुई है, वहां चिकित्सकों को नियुक्त किया जा रहा है। इससे मरीजों को उपचार में काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा अन्य ड्यूटी पर होने के कारण प्रभावित होने वाली चिकित्सकीय सेवाओं को भी विभाग द्वारा सुचारू रखा जा सकेगा।
वर्जन
चिकित्सकों की सूची में जिले को 28 मेडिकल ऑफिसर मिले हैं। इनमें 19 के करीब चिकित्सकों ने कार्यभार संभाल लिया है और बाकि जो बचे हैं, उनकी प्रक्रिया चल रही है। सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉ. अशोक कुमार, सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल