महेंद्रगढ़। शहर की सब्जी मंडी चीकू की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सब्जी मंडी में प्रतिदिन लगभग चार क्विंटल चीकू की खपत हो रही है। स्वाद और सेहत के लिए फायदेमंद माने जाने वाले इस फल को लोग बड़े चाव से खरीद रहे हैं।
एक माह के दौरान चीकू के दामों में लगभग दो गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्तमान में चीकू 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। व्यापारी देवीलाल, सतीश सैनी, वासुदेव, दीपक मांझी ने बताया कि आवक कम होने के कारण चीकू के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। पहले जहां यह फल 50 से 60 रुपये किलो तक मिल जाता था वहीं अब दाम बढ़ने से ग्राहकों की जेब पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मंडी में चीकू की आपूर्ति मुख्य रूप से दिल्ली व जयपुर से हो रही है। बाहरी राज्यों से आने वाली खेप में कमी आने के कारण बाजार में चीकू की उपलब्धता सीमित हो गई है जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है।
ग्राहक अशोक शर्मा, महेश, राहुल, नरेन, महेश सैनी का कहना है कि चीकू से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है और यह पाचन के लिए भी लाभदायक होता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग में इस फल की मांग बनी हुई है।
व्यापारी भी मांग को देखते हुए अधिक मात्रा में चीकू मंगाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सीमित आवक उनकी परेशानी बढ़ा रही है। चीकू का कारोबार इन दिनों जोरों पर है।
बढ़ती मांग और कम आपूर्ति के चलते जहां कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं फल विक्रेताओं को अच्छा मुनाफा भी हो रहा है। आने वाले दिनों में यदि आवक बढ़ती है तो दामों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।