महेंद्रगढ़। हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र महेंद्रगढ़ की ओर से सोमवार को गांव खातीवास में विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर स्वच्छ दुग्ध उत्पादन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैज्ञानिक डॉ. ज्योति शुंठवाल ने बताया कि पशुशाला साफ, आरामदायक और मक्खी-मच्छर रहित होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि पशुओं की नियमित सफाई, टीकाकरण और पशुशाला की स्वच्छता बेहद जरूरी है। दूध निकालने की प्रक्रिया में भी सावधानी रखनी चाहिए क्योंकि जिम्मेदार हार्मोन का प्रभाव केवल 6-7 मिनट तक रहता है, इसलिए समय पर पूरा दूध निकाल लेना चाहिए।
डॉ. देवेन्द्र सिंह ने कहा कि दूध हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। उन्होंने पशुपालकों को समझाया कि दूध तभी सुरक्षित रहता है जब उसे साफ-सफाई के साथ निकाला और संग्रहित किया जाए। लापरवाही से दूध जल्दी संक्रमित हो सकता है।
मोबाइल वेटरिनरी एंबुलेंस टीम से डॉ. अंकित यादव, कुशाल और रविंद्र ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया और पशुपालकों को जरूरी जानकारी दी। कार्यक्रम में पशुपालकों को स्वच्छ दूध उत्पादन के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।