महेंद्रगढ़। दिव्यांगजनों को विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 26 नवंबर को शहर के नागरिक अस्पताल में विशेष विकलांगता जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा।
शिविर में विभिन्न प्रकार की विकलांगता या दिव्यांगता से प्रभावित लोगों की जांच की जाएगी। इसके लिए सामान्य सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और बच्चों के चिकित्सक सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों की भी जांच की जाएगी। मेडिकल बोर्ड संबंधित व्यक्ति की स्थिति का आकलन कर प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर शिविर में पहुंचकर जांच करवाएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगता से प्रभावित लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने से बचाना और एक ही जगह विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पात्र व्यक्ति निर्धारित समय पर पहुंचकर मेडिकल बोर्ड से अपनी जांच करवा सकते हैं। संवाद