नारनौल। क्षेत्र में बुधवार को दिन-भर बादल छाए रहे लेकिन बारिश का इंतजार बना रहा। बादलवाही के कारण 40.5 डिग्री से दिन के तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई लेकिन उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली।
आगामी दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक से दो दिन में मानसून पहुंच जाएगा और आगामी एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में मानसून की झमाझम बारिश के आसार बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 2 व 6 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 2 से 7 जुलाई तक क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है। बुधवार को नारनौल में न्यूनतम तापमान 29.0 व अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।