महेंद्रगढ़। पटवारी और कानूनगो की तीन दिन की हड़ताल के बाद वीरवार से तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने एक दिवसीय हड़ताल की। ऐसे में महेंद्रगढ़, कनीना तहसील व सतनाली उप तहसील में करीब 150 रजिस्ट्री संबंधित काम नहीं होने से करीब 10 करोड़ रुपये का राजस्व प्रभावित हुआ।
तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री कराने के लिए लोग पूरा दिन तहसील के चक्कर काटते रहे। प्रतिदिन महेंद्रगढ़, कनीना तहसील व सतनाली उप तहसील में करीब दो हजार से अधिक लोग कार्य के लिए आते है।
तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि हरियाणा रेवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले वीरवार को तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने पैन डाउन हड़ताल रखा। नायब तहसीलदार, तहसीलदार के हड़ताल पर जाने से रजिस्ट्री पर कोई कार्य नहीं हुआ।
लोगों को बिना काम के निराश लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि पंचकूला के तहसीलदार को बिना जांच के मामला दर्ज कर दिया व दो नायब तहसीलदार को बिना जांच के निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा तहसील में स्टांप ड्यूटी से संबंधित मामलों में विभागीय जांच की बजाय पुलिस मुकदमा दर्ज करने लगी है। इससे काम करना मुश्किल हो गया है। निलंबित तहसीलदार व नायब तहसीलदार की बहाली को लेकरी महेंगढ़ जिले में तीन तहसीलदार व सात नायब तहसीलदार हड़ताल पर रहे।
-
हड़ताल से ये कार्य अटके
वीरवार को तहसीलदार व उप तहसीलदार हड़ताल पर होने से महेंद्रगढ़ में 70 रजिस्ट्री, 100 मुटेशन, 30 मैरिज प्रमाण पत्र, 100 हलफनामा सहित अन्य कार्य नहीं हो सके। कनीना में 50 रजिस्ट्री, 60 मुटेशन, 30 मैरिज प्रमाण पत्र, 40 हलफनामा तथा उपतहसील सतनाली में 30 रजिस्ट्री, 20 मैरिज प्रमाण पत्र, 40 हलफनामा सहित अन्य दस्तावेजों पर कोई कार्य नहीं हो सका।