संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। गर्मी के मौसम में आग की घटनाएं अधिक होती हैं। इसको देखते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आग की घटनाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि बचाव के लिए फायर ब्रिगेड समेत अन्य तैयारी कर लें।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा की ओर से जारी निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि गर्मी और फसल कटाई के इस मौसम में आग की घटनाएं बढ़ गई हैं। इससे बचाव के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और स्टाफ की तैयारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक फायर स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती हो। गांव और खंड स्तर पर नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि आग की सूचना तुरंत मिल सके। किसानों और स्थानीय निवासियों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। फायर सेफ्टी की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। बिजली के तारों के नीचे फसल को न रखें। एक ही जगह पर सभी फसल को न रखें।