फोटो 7 गुरु रविदास की जयंती पर झांकी निकालते श्रद्धालु।संवाद
- फोटो : सुदर्शन नगर के अटल पार्क में आयोजित हिंदू सम्मेलन में शामिल लोग। स्रोत स्वयं
नांगल चौधरी। संत शिरोमणि सतगुरु रविदास की 649वीं जयंती पर नांगल चौधरी शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक झांकियों का नगर भ्रमण श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। संत शिरोमणि गुरु रविदास, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की झांकियों को देखने के लिए नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस भव्य नगर भ्रमण का शुभारंभ डॉ. भीमराव आंबेडकर सेवा समिति के प्रधान ईश्वर सिंह द्वारा झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम महंत ठाकुर दास के सानिध्य में संपन्न हुआ। नगर भ्रमण रविदास आश्रम से प्रारंभ होकर मुकंदास मंदिर, कोटपुतली रोड, निजामपुर रोड, गांधी बाजार एवं होली चौक से होते हुए पुन: रविदास आश्रम में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
नगर भ्रमण के दौरान पूरा शहर सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता के नारों से गूंज उठा। झांकियों के माध्यम से संत रविदास के समता, मानवता एवं सामाजिक न्याय के संदेश को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया।
इस भव्य आयोजन का सफल संचालन डॉ. भीमराव आंबेडकर सेवा समिति, नांगल चौधरी द्वारा किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, आत्मसम्मान एवं सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। समिति के कार्यालय सचिव दलीप सिंह खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर भ्रमण शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्वयंसेवकों, प्रशासन, पुलिस व्यवस्था तथा समस्त नगरवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।