हुड्डा पार्क में बैठक के दौरान मौजूद विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : Narnol
यूक्रेन पर रूस के हमले के कारण मेडिकल की पढ़ाई में आई बाधा से परेशान विद्यार्थियों ने वीरवार को हुड्डा पार्क में बैठक की। विद्यार्थियों ने कहा कि अब लंबे समय तक यूक्रेन में पढ़ाई के लिए उचित माहौल नहीं बन पाएगा, जिसके चलते देश में ही पढ़ाई पूरी करनी होगी। अधूरी पढ़ाई को भी पूरा करवाने के लिए व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया। विद्यार्थियों ने निर्णय लिया कि 30 मार्च को महेंद्रगढ़ आगमन पर उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पढ़ाई जारी रखने में सरकार से मदद मांगी जाएगी।
हर्ष, कंचन सैनी, विशु सोनी, सचिन राव, महेश, विपिन यादव, अनिरुद्ध और परिजन महावीर प्रसाद, कमल सैनी ने बताया कि इस दौरान जंतर-मंतर पर होने वाली बैठक के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया है। विद्यार्थियों व अभिभावकों ने ऑपरेशन गंगा के तहत सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के नियमानुसार विद्यार्थी नीट को क्वालिफाई करने के बाद मेडिकल में दाखिला ले सकते हैं, मगर देश के कॉलेजों में सीट कम होने के कारण विद्यार्थी यूक्रेन में पढ़ाई करने के लिए मजबूर थे। युद्ध के कारण अब उनका भविष्य खतरे में पड़ गया है। जिंदगी के कई महत्वपूर्ण वर्ष लगा देने के बाद भी हमारा भविष्य अब अधर में है। उन्होंने बताया कि वे जिला प्रशासन के माध्यम से हरियाणा सरकार से मांग करते हैं कि उनकी आगे की मेडिकल की शिक्षा का प्रबंध हरियाणा में ही किया जाए।