फोटो 6सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती विभिन्न स्कूली टीम।स्रोत डीआईपीआरओ
- फोटो : संवाद
नारनौल। नारनौल आईटीआई मैदान में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस की बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ भी मौजूद थीं।
इस बार आईटीआई में मनाए जाने वाले जिलास्तरीय समारोह में प्रदेश के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव ध्वजारोहण करेंगे। वहीं कनीना में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव मुख्य अतिथि होंगे और नांगल चौधरी में गुरुग्राम के कमिश्नर मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम के दौरान 10 स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। डीएसपी भारत भूषण परेड कमांडर थे। इस दौरान आठ टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। इनमें पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, रेड क्रॉस, स्काउट, गाइड, कब और बुलबुल शामिल है। इसके अलावा पीटी शो तथा डंबल लेजियम शो का भी शानदार प्रदर्शन किया गया।
अंत में सीएल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रीय गान गाया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सुशील कुमार, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, नगराधीश डॉ मंगलसैन तथा डीएसपी सुरेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।