नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने हरियाणा दिवस पर राजकीय महाविद्यालय के सभागार भवन में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छह प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीते हैं। अतिथियों ने छात्राओं को कुल 95,200 रुपये की नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आरपी सिंह ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में एमए अंग्रेजी (पूर्वार्ध) की छात्रा कल्पना ने पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर 7,500 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।
वर्षा ने सोलो सांग में प्रथम स्थान प्राप्त कर 7,500 रुपये जबकि रीतिका और काजल ने सोलो डांस में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये का पुरस्कार जीता। इसी प्रकार बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा आंचल ने स्लोगन राइटिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये की का पुरस्कार हासिल किया।
महाविद्यालय की टीम ने ग्रुप डांस और ग्रुप सांग दोनों में प्रथम स्थान प्राप्त कर 35,000-35,000 रुपये के पुरस्कार प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया। महाविद्यालय की सांस्कृतिक टीम ने डॉ. अजय थाकन, डॉ. नीलम यादव, डॉ. राधिका व बलवान सैनी के मार्गदर्शन में यह विशेष उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर डॉ. पारुल गुप्ता, डॉ. अंजू रानी, डॉ. ममता सिद्धार्थ, डॉ. मनमीत कौर, डॉ. सुनीता देवी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. सुनीता जाखड़, डॉ. गीता यादव, डॉ. गिरीश यादव सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने छात्राओं को बधाई दी।