महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालयों में ऑनलाइन फीस जमा करवाने का कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य लगभग 48 घंटे देरी से शुरू हुआ है । 5 अक्तूबर फीस भरने की अंतिम तारीख है। इस दौरान विद्यार्थियों ने फीस नहीं भरी तो उसके बाद उसका एडमिशन नहीं होगा। सीट बचने पर ओपन काउंसिलिंग के दौरान ही उसका दोबारा नंबर आ सकता है।
हरियाणा उच्चत्तर शिक्षा विभाग ने पहली कटऑफ लिस्ट 2 अक्तूबर को जारी कर थी। एडमिशन और फीस पोर्टल का लिंक नहीं होने की वजह से दो दिन से ऑनलाइन फीस नहीं भरी जा रही थी। जिसको लेकर विद्यार्थी साइबर कैफे के चक्कर काट रहे थे। पोर्टल पर बार-बार ऐरर दिखाने के बाद महाविद्यालय के सहायक आचार्य से भी फोन कर पूछ रहे थे। इस समस्या के बारे में महाविद्यालयों के सहायक आचार्यों ने उच्चत्तर शिक्षा विभाग को इस बारे में अवगत करवाया था। शनिवार को दोनों पोर्टल का लिंक हो गया है। शनिवार से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फीस भरना शुरू कर दिया है। पहली कटऑफ लिस्ट में शामिल विद्यार्थी पांच अक्तूबर तक अपनी फीस जमा करवा सकेंगे। फीस पोर्टल का लिंक कॉलेज के पोर्टल से लिंक नहीं हो पाया है। इस वजह से अभी महाविद्यालयों के पास फीस जमा करवाने के बाद कंफर्म एडमिशन की लिस्ट नहीं आई है।
सतनाली राजकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश मोहन ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थी 5 अक्टूबर तक फीस जमा कर सकते हैं। दूसरी मेरिट लिस्ट 8 अक्टूबर को जारी होगी। जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थी 12 अक्टूबर तक फीस जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि छात्र फीस ऑनलाइन भी जमा करवा सकते हैं। रिक्त सीटें 13-14 अक्टूबर को ओपन काउंसलिंग के माध्यम से भरी जाएंगी।