फोटो संख्या:59- कनीना बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते विद्यार्थी--संवाद
कनीना। निर्धारित स्थानों पर बसें नहीं रोकने से परेशान विद्यार्थियों ने परिवहन मंत्री एवं राज्य परिवहन के महा प्रबंधक से निर्धारित स्थानों पर बसों को रुकवाने की व्यवस्था करने की मांग की है। निर्धारित स्थानों पर बसें नहीं रोकने से रेवाड़ी से कनीना, कनीना से महेंद्रगढ़, कनीना से दादरी रूटों पर विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पहले ही इन रूटों पर बसों की संख्या कम है और राज्य परिवहन के चालक व परिचालक निर्धारित स्थानों पर बसों को नहीं रोक रहे हैं। क्षेत्र के विद्यार्थियों की मांग है कि ऐसा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
-
विद्यार्थियों को कॉलेज में पहुंचने के लिए समस्या का सामना करना पड़ता है। निर्धारित स्टैंड पर बस नहीं रुकती। अगर जल्दी ही इसका समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थियों का एक दल परिवहन मंत्री से मुलाकात करेगा।
- पंकज कनीनवाल
शिक्षण संस्थानों में समय पर पहुंचना युवाओं के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बस स्टैंड पर सुबह बसें नहीं रुकती जिसकी वजह से लड़कियाें को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बारे में बस स्टैंड प्रभारी को भी बार-बार अवगत कराया जा चुका है। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
- नितिन यादव कनीना
डहीना, भड़फ, उन्हाणी, गुढ़ा, कैमला में रोडवेज की बसें निर्धारित स्टैंड पर नहीं रुकती जिसकी वजह से विद्यार्थियों को कॉलेज में पहुंचने के लिए देरी हो जाती है। प्रतिदिन युवा शिक्षण संस्थानों में पहुंचने के लिए बड़ी जद्दोजहत करते हैं।
- धर्मवीर सिंह
निर्धारित समय व स्थान पर बसें नहीं रोकने से कनीना क्षेत्र में आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बार-बार विद्यार्थियों की ओर से शिकायतें आ रही हैं। इसके बाद परिवहन के जिम्मेदारों से भी मुलाकात की लेकिन समाधान नहीं है।
- जितेंद्र शास्त्री
- वर्जन:
इस तरह का मामला अभी संज्ञान में आया है। जल्द ही महेंद्रगढ़ के साथ-साथ आसपास के डिपो प्रबंधकों से संपर्क पर विचार किया जाएगा। नजदीकी जिले से आने वाली बसों के परिवहन इंचार्ज को भी इसके बारे में सूचना दी जाएगी। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- अनीत कुमार, जीएम हरियाणा रोडवेज