इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर (रेवाड़ी) से संबद्ध कॉलेजों में सोमवार से स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। राजकीय महाविद्यालय सतनाली के प्रो. विरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर है। इसके बाद 22 से 25 सितंबर तक प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी, जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 26 से 29 सितंबर तक ऑनलाइन फीस जमा करवानी होगी। उन्होंने बताया कि दूसरी कट ऑफ लिस्ट 30 सितंबर को जारी होगी, जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थी 1 से 5 अक्टूबर तक फीस जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद रिक्त सीटों पर एडमिशन के लिए ओपन काउंसिलिंग होगी। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय सतनाली में बीए की 320, बीकॉम की 80, बीएससी नॉन-मेडिकल की 120 और बीएससी मेडिकल की 60 सीटें हैं। सभी आवेदकों को अपने डॉक्यूमेंट ऑनलाइन ही जमा कराने होंगे।