संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले में गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए अटल भू-जल योजना के तहत नेहरू नगर, दत्ताल और ढाणी जामा के पास स्टोरेज टैंक बनाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर लगाए गए हैं। टैंक का निर्माण होने के बाद न सिर्फ भू-जल स्तर बढ़ेगा बल्कि एक टैंक से 1200 से 1300 एकड़ खेत में सिंचाई हो सकेगी।
जिले में अटल भूजल योजना के तहत स्टोरेज टैंक बनाकर गिरते भू-जल स्तर में सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका असर उन गांवों में दिखाई भी देने लगा है, जहां पहले भूजल स्तर में काफी गिरावट दर्ज की जा रही थी। अभी भी राजस्थान से सटे महेंद्रगढ़ जिले में गिरता भूजल स्तर चिंता का विषय है। इसमें सबसे ज्यादा नांगल चौधरी में हालात ज्यादा खराब है। अब अटल भूजल योजना के तहत जगह-जगह स्टोरेज टैंक बनाए जा रहे हैं जिससे भूजल स्तर में थोड़ा बहुत सुधार भी हुआ है। इसी कड़ी में नेहरू नगर, दत्ताल और ढाणी जामा के पास स्टोरेज टैंक बनाने के लिए लाखों रुपये की लागत से टेंडर लगाया गया है। अब टेंडर अलॉट होने के बाद कार्य शुरू हो जाएगा। अटल भूजल योजना के तहत नेहरू नगर में 47.21 लाख, ढाणी जाम के पास 35.89 लाख की लागत से स्टोरेज टैंक बनाए जाएंगे। वहीं दताल गांव में 33.97 लाख रुपये से रिचार्जिंग स्टोरेज टैंक बनाया जाएगा।