नारनौल। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठग भी लोगों को ठगने के नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी निवेश योजनाओं, संदिग्ध एपीके फाइलों और डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने आमजन से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि ठग व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर घर बैठे कमाई, ऑनलाइन टास्क और शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देते हैं। शुरुआत में छोटी रकम देकर विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़ी राशि निवेश करवाकर ठगी करते हैं। उन्होंने अनजान लोगों और सोशल मीडिया ग्रुप के कहने पर निवेश नहीं करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि बैंक केवाईसी, बिजली बिल और ई-चालान के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक और एपीके फाइल से भी मोबाइल की निजी जानकारी चोरी हो सकती है। इसलिए अनजान फाइल इंस्टॉल न करें और ओटीपी, यूपीआई पिन व पासवर्ड किसी से साझा न करें।
एसपी ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। ठग पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे मांगते हैं। ऐसी कॉल से घबराएं नहीं और भुगतान न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। संदिग्ध कॉल और लेनदेन के सबूत भी सुरक्षित रखें।