मंडी अटेली। प्रदेश सरकार जिले के किसानों, मजदूरों व युवाओं के साथ भेदभाव कर रही है। यह बात बहुजन समाज पार्टी के नेता अतरलाल एडवोकेट ने जिले के गांव मोहनपुर नांगल, मुंडिया खेड़ा, छापड़ा सलीमपुर, खैराणा में ग्रामीणों की समस्या सुनते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 2022-23 रबी सीजन की फसल गेहूं और सरसों में हुए नुकसान का मुआवजा 7 जिलों में तो दे दिया है, परंतु जिले के किसानों का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है।
इसी तरह बाजरा भावांतर योजना के तहत जिन किसानों ने निजी विक्रेताओं को अपना बाजरा बेचा था उनको भी भावांतर राशि नहीं मिली है। जिले के भवन निर्माण मजदूर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। अकेले अटेली विधानसभा क्षेत्र में बीस हजार युवा रोजगार के लिए सड़कों पर घूम रहे हैं, परंतु सरकार उनको रोजगार देने में विफल रही है। इसके लिए बसपा प्रदेश सरकार के खिलाफ 23 जनवरी को उपमंडल अधिकारी कनीना के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 10 दिन के अंदर बाजरा भावांतर भरपाई योजना की राशि किसानों के खातों में नहीं डाली है। 2022-23 रबी सीजन फसल खराबा का मुआवजा नहीं दिया तो बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर भाग सिंह, शेर सिंह यादव, पवन चौधरी, नरेश कुमार, रामसिंह, राजेंद्र, मनोज कुमार, घनश्याम, पृथ्वीपाल, सूरत सिंह, सुरेश कुमार, पंकज, गजानंद, लालसिंह, बलवान व आकाश आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।