नारनौल। जिले में वॉलीबॉल के प्रशिक्षण के लिए दो सालों से संचालित विभागीय खेल नर्सरी को कोच के अभाव में सत्र 2025-26 में शुरू नहीं किया गया है।
इस कारण खेल नर्सरी में वॉलीबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव जरवा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो वर्षों से वॉलीबॉल खेल के प्रशिक्षण के लिए विभागीय खेल नर्सरी का संचालन किया जा रहा था, लेकिन प्रशिक्षण दे रहे कोच के तबादले के बाद कोच के अभाव में वॉलीबॉल के लिए विभागीय खेल नर्सरी को शुरू नहीं किया गया है। इस कारण दो सालों से खेल नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 35 खिलाड़ियों को अब प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय व स्कूल स्तरीय सहित कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन किया था।
दो सत्रों से गांव जरवा में संचालित खेल नर्सरी में वॉलीबॉल के अतिरिक्त युवाओं को दौड, लंबीकूद, उंचीकूद और कबड्डी का प्रशिक्षण भी दिया जाता था। स्थानीय गांव व आसपास क्षेत्र के युवा खेल नर्सरी में पुलिस व सेना में भर्ती होने के लिए अभ्यास करने भी आते थे। कई युवाओं ने खेल नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर कई विभागों में नौकरी कर रहे हैं।
-
वर्जन :
वॉलीबॉल के प्रशिक्षण के लिए गांव जरवा में विभागीय खेल नर्सरी संचालित थी, लेकिन वॉलीबॉल कोच नहीं होने के कारण खेल नर्सरी को शुरू नहीं किया गया है। इससे उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। कोच की उपलब्ध हो जाने के बाद खेल नर्सरी को शुरू किया जा सकता है।- नरेंद्र कुंडू, जिला खेल अधिकारी, नारनौल।