फोटो 07 परेड का निरीक्षण करती हुई एसपी। पुलिस
नारनौल। पुलिस लाइन में सोमवार को जरनल परेड का आयोजन किया गया। एसपी पूजा वशिष्ठ ने परेड का निरीक्षण किया। पुलिस जवानों की शारीरिक और मानसिक दक्षता बनाए रखने के लिए परेड और दौड़ भी कराई गई। निरीक्षण के दौरान डीएसपी भारत भूषण, डीएसपी सुरेश कुमार और डीएसपी दिनेश कुमार सहित अन्य उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों की वर्दी के टर्न आउट का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार एवं दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उच्चाधिकारियों के नवीनतम आदेशों और निर्देशों के बारे में पुलिस जवानों को अवगत कराया, ताकि पुलिसिंग में एकरूपता और तत्परता बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या आपात स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गठित की गई कंपनी को विशेष रूप से आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हर तरह की परिस्थितियों से तुरंत निपटने और सदैव तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।
परेड के दौरान हाल ही में भर्ती किए गए एसपीओ को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें किसी अप्रिय घटना या दंगे जैसी गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से कैसे काबू पाया जाए, इस बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, तो उनसे सख्ती से कैसे निपटा जाए। उन्होंने कानूनी कार्रवाई के तहत बल प्रयोग की सीमा और प्रक्रिया के बारे में भी जवानों को समझाया, ताकि वे कानून के दायरे में रहते हुए प्रभावी कार्रवाई कर सकें।