फोटो संख्या:63- महेंद्रगढ़ शहर के एक दुकान में रखी सौलर प्लेट--संवाद
महेंद्रगढ़। बिजली की बढ़ती जरूरत और बिल में बचत की चाहत के चलते शहर में सोलर पैनल की मांग तेजी से बढ़ रही है। एक माह में शहर के करीब 10 प्रतिष्ठानों से लगभग 50 लाख रुपये के सोलर पैनल की बिक्री हुई है। दुकानदारों के अनुसार गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने के साथ लोग सौर ऊर्जा को लंबे समय के लिए बेहतर विकल्प मान रहे हैं।
दुकानदार अशोक सैनी ने बताया कि अब ग्राहक पहले की तुलना में सोलर पैनल को लेकर अधिक जागरूक हैं। लोग बिजली बिल में बचत के साथ भविष्य में होने वाले आर्थिक लाभ को देखते हुए घरों और दुकानों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। बाजार में अलग-अलग क्षमता और कीमत के पैनल उपलब्ध हैं।
दुकानदारों के अनुसार हाल के समय में करीब 15 लोगों ने योजना के तहत अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाए हैं। सब्सिडी और बिजली बचत की जानकारी मिलने के बाद लोगों की रुचि और बढ़ी है।
2 किलोवाट से 10 किलोवाट तक मांग
अशोक सैनी ने बताया कि बाजार में फिलहाल 2 किलोवाट और 10 किलोवाट क्षमता वाले पैनल की मांग अधिक है। घरों के लिए छोटे क्षमता वाले पैनल पसंद किए जा रहे हैं जबकि दुकानों और बड़े प्रतिष्ठानों के लिए अधिक क्षमता वाले पैनल लगाए जा रहे हैं।