फोटो नंबर-21अनशन समाप्त करने के बाद विभिन्न संगठनों के सदस्यों के साथ नितिन यादव।
नारनौल। नसीबपुर शहीद स्मारक के निर्माण की मांग को लेकर करीब 32 घंटे से आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता नितिन यादव ने बुधवार शाम प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने 10 नवंबर को शहीदों के सम्मान में स्मारक बनाने की मांग को लेकर अनशन शुरू किया था।
बुधवार शाम एसडीएम गुरविंदर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और नितिन यादव से बातचीत की। उन्होंने मांगों पर दो महीने के अंदर कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद एसडीएम ने उन्हें लड्डू खिलाकर अनशन समाप्त करवाया। वहीं, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने भी स्मारक निर्माण के संबंध में एक महीने का समय दिया है।
नितिन यादव ने कहा कि नसीबपुर की ऐतिहासिक धरती पर शहीद हुए वीरों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। लिखित आश्वासन के बाद उन्होंने अनशन समाप्त किया है। अब प्रशासन से तय समय में ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।
इस आंदोलन को क्षेत्र की 36 बिरादरी और विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला। लोगों ने कहा कि नसीबपुर का इतिहास दक्षिणी हरियाणा के गौरव से जुड़ा है। यहां शहीद स्मारक का निर्माण जरूरी है।