सिहमा। क्षेत्र के गांव सागरपुर के ग्रामीण पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। विभाग की ओर से हाल ही में बनाई गई सड़क में भारी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।
ग्रामीण मूलचंद, अर्जुन सिंह, अमर सिंह, दीपक कुमार, छाजूराम, भीम सिंह, दरियाव सिंह, विक्रम सिंह, राज सिंह, अशोक कुमार, राजेश कुमार, रामकिशन, भरपुर सिंह, घनश्याम शर्मा और मनहर सिंह का कहना है कि ठेकेदार और अधिकारियों ने नियमों को ताक पर रखकर सड़क बनवाई।
ग्रामीणों ने पहले ही कहा था कि सड़क और नाले का सही लेवल निकाला जाए, ताकि घरों का गंदा पानी ठीक से निकल सके, लेकिन चेतावनी को अनदेखा कर दिया गया।
नतीजा यह है कि नाले में गंदा पानी हमेशा जमा रहता है। सड़क के आर-पार पानी निकासी के लिए दबाया गया पाइप टूट चुका है और मिट्टी से भर गया है। ठहरे पानी में मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं, जिससे गांव में बीमारियां फैलने का खतरा है। कई बार उच्च अधिकारियों को बताने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तुरंत स्थायी समाधान किया जाए और क्षतिग्रस्त पाइप बदलकर पानी की निकासी ठीक कराई जाए।
वर्जन
ठेकेदार ने काम सही ढंग से किया था। फिर भी सड़क के बीच बनी नाली क्षतिग्रस्त हुई है तो उसे दोबारा बनवा दिया जाएगा। विभाग समस्या के समाधान के लिए तैयार है।-जितेंद्र कुमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, नारनौल