संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला प्रक्रिया जारी हैं। गत 12 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची घोषित की गई थी। राजकीय महाविद्यालय में उपलब्ध 6 कोर्स की 1540 सीटों के लिए अब तक करीब 554 छात्रों ने दाखिला लिया हैं। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय में उपलब्ध 4 कोर्स की 1100 सीटों के लिए अब तक करीब 598 छात्राओं ने दाखिला लिया हैं। प्रथम मेरिट लिस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं को दाखिले के लिए 15 जुलाई तक फीस जमा करवाना अनिवार्य है।
छात्र आनलाइन माध्यम से फीस जमा करवा सकते हैं। फीस जमा करवाने के उपरांत कालेज में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाना व 100 रुपए की रेडक्रॉस की पर्ची कटवाना भी अनिवार्य है। 17 से 30 जुलाई तक नये रजिस्ट्रेशन व आवेदन फॉर्म की एडिटिंग के लिये ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल को पुनः खोला जायेगा। 18 जुलाई से 24 जुलाई तक बाक़ी ख़ाली सीटो के लिये 100 रुपये लेट फ़ीस के साथ फिजिकल काउंसलिंग की जायेगी।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार पीजी कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई है। राजकीय महाविद्यालय में उपलब्ध 14 पीजी कोर्स के लिए अब तक 104 आवेदन किए जा चुके हैं। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय में उपलब्ध पीजी कोर्स में दाखिले के लिए अब तक 17 आवेदन किए जा चुके हैं। स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रथम मेरिट सूची 30 जुलाई को लगेगी। जिसमें चयनित छात्र-छात्राएं 30 जुलाई से 2 अगस्त तक फीस जमा करवा सकते हैं। इसके बाद दूसरे राउंड की काउंसलिंग फिजिकल माध्यम से 5 अगस्त से कालेज स्तर पर की जाएगी। 6 अगस्त से रजिस्ट्रेशन के लिए आनलाइन एडमिशन पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा।
प्रथम मेरिट लिस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं को दाखिले के लिए 15 जुलाई तक फीस जमा करवाना अनिवार्य है। छात्र आनलाइन माध्यम से फीस जमा करवा सकते हैं। साथ ही डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाना व 100 रुपए की रेडक्रॉस की पर्ची कटवाना भी अनिवार्य है। साथ ही मुख्य विषयों के साथ-साथ कोर्स संबंधित अन्य गतिविधियों का चुनाव भी अनिवार्य हैं। -डॉ. सतीश सैनी, प्रवेश नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय नारनौल।
स्नातक-स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के दाख़िले एडमिशन पोर्टल पर तकनीकी ख़ामियो के दुरुस्त नहीं होने की वजह से सोमवार से ही शुरू होने की संभावना है तथा स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राये अपनी एडमिशन फ़ीस ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से जमा करवाने के बाद अपने सभी ज़रूरी दस्तावेज कॉलेज में अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।-प्रोफेसर सुनील कुमार, नोडल अधिकारी, राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल।