संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। राठी परिवार की ओर से शहर के रेलवे रोड पर स्थित मास्टर कॉलोनी के किशोरी कुंज में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानोत्सव का शुभारंभ कलशयात्रा से किया गया।
कलश यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में राजेंद्र राठी और शकुंतला राठी शामिल हुई। पूजन आचार्य त्रिलोक शास्त्री ने कराया। कलश यात्रा शिव मंदिर मास्टर कॉलोनी से चलकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई किशोरी कुंज मास्टर कॉलोनी पहुंची।
कलश यात्रा में 421 महिलाएं शामिल हुईं। वृंदावन धाम से पधारे कथाव्यास आचार्य योगेश महाराज भी राधा कृष्ण की झांकी के साथ घोड़ा-बग्गी में सवार होकर सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे।
मार्ग में अनेक भक्तों द्वारा ठंडा शराब, नींबू की शिकंजी पिलाकर पुष्प वर्षा एवं फूल मालाओं से इस कलश यात्रा का स्वागत भव्य किया गया।
नगर पार्षद सरिता राठी एवं संजय राठी ने बताया कि यह सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा रेलवे रोड़ पर स्थित किशोरी कुंज, मास्टर कॉलोनी में 28 अगस्त से तीन सितंबर तक चलेगी ।
प्रतिदिन शाम तीन बजे से शाम छह बजे तक रहेगा तथा चार सितंबर को प्रातः 9 बजे हवन पूजन एवं व्यास पूजा से समापन समारोह होगा। रतन राठी ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान वृंदावन धाम से पधारे कथाव्यास आचार्य श्री योगेश जी महाराज प्रतिदिन कथा का रसपान करवाएंगे।