महेंद्रगढ़। रेलवे रोड विष्णु कॉलोनी स्थित श्री विष्णु भगवान मंदिर से श्री पहाड़ी माता की 21वीं निशान पदयात्रा श्री पहाड़ी धाम, नेकीपुर के लिए निकाली गई।
इसमें शहर के तमाम श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति भाव का अनुभव किया। इससे पूर्व मंदिर में श्री पहाड़ी माता का जागरण आयोजित किया गया। इसमें मोहन यदुवंशी, अलवर मुख्य कलाकार के रूप में उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में लीन होकर माता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
रतनलाल माधोगढ़िया ने बताया कि हर वर्ष श्री विष्णु कॉलोनी से श्री पहाड़ी धाम, नेकीपुर के लिए निशान पदयात्रा आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि जो भी भक्त इस पदयात्रा में माता के निशान लेकर जाते हैं, माता उनके सभी कामनाओं को पूर्ण करती हैं। रतनलाल माधोगढ़िया ने बताया कि यह निशान पदयात्रा पांच अक्तूबर को श्री पहाड़ी धाम, नेकीपुर पहुंचेगी, जहां भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। निशान पदयात्रा न केवल आध्यात्मिक अनुशासन और भक्ति भाव का प्रतीक है, बल्कि श्रद्धालुओं को आपस में जोड़ने और समाज में सांस्कृतिक एवं धार्मिक चेतना को जागृत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।