कनीना। शर्मिला धनखड़ ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के मंच पर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और संघर्ष की कहानी से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने शो में 12 लाख 50 हजार रुपये की राशि जीती। पूरा एपिसोड खुशी और भावुकता से भरा रहा।
बता दें कि शर्मिला ने 12 प्रश्नों के सही जवाब दिए और किसी लाइफलाइन का इस्तेमाल नहीं किया। हालांकि, इस दौरान उनकी साथी लवलीना ने भी प्रश्नों के जवाब देने में उनका साथ दिया। 12वां प्रश्न महात्मा गांधी के किस विश्वविद्यालय से दसवीं पास करने से संबंधित था। इसमें उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय का उत्तर देकर 12 लाख 50 हजार रुपये जीते। वहीं, 13वें प्रश्न का जवाब देने में देरी होने पर हूटर बज गया। इस दौरान शर्मिला की संघर्ष की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन और दर्शक भावुक हो गए।
सोमवार रात प्रसारित हुए इस विशेष एपिसोड को शर्मिला के परिवार और क्षेत्रवासियों ने मिलकर देखा। जैसे-जैसे शर्मिला ने सवालों के सही जवाब दिए, उनके परिवार की खुशी और उत्साह बढ़ता गया। उन्होंने बिना घबराए अपने ज्ञान और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 12.50 लाख रुपये के पड़ाव तक पहुंचकर यह राशि हासिल की। शर्मिला ने मंच पर अपने जीवन के संघर्ष और खेल के सफर को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि परिवार और बेटियों का साथ उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है। इस दौरान उनकी बेटियों से भी अमिताभ बच्चन ने बातचीत की और उनके अनुभव जाने।
परिवार ने मिलकर देखा एपिसोड
शर्मिला की माता संतोष देवी, भाई नवीन और परिवार के अन्य सदस्यों ने सोमवार रात मोबाइल पर केबीसी का पूरा एपिसोड देखा। शर्मिला के संघर्ष की कहानी सुनकर परिवार के सदस्य भावुक भी हुए और उनके जवाबों पर खुशी से ठहाके भी लगाए।