फोटो नंबर- 12बस स्टैंड परिसर में बना महिला शौचालय। संवाद
नारनौल। मानसून के मद्देनजर बस स्टैंड परिसर में बने सीवर चैंबर की सफाई का कार्य किया जाएगा।
गौरतलब है कि बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय के दूषित पानी की निकासी के लिए पाइप को मुख्य सीवर लाइन से जोड़ा गया है और चैंबर भी बनाया गया है, लेकिन बस स्टैंड की तरफ ढलान अधिक होने के कारण सीवर चैंबर में ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती। इस कारण महीने में करीब 2 से 3 बार शौचालय को बंद रखना पड़ता है।
शौचालय बंद होने के कारण यात्रियों विशेष तौर पर महिला यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए 3 माह से बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय के दूषित पानी की निकासी के लिए सीवरेज चैंबर की नियमित सफाई की जा रही है। वहीं बारिश से पहले भी सीवरेज चैंबर की उचित प्रकार से सफाई की जाएगी ताकि शौचालय में रुकावट की समस्या नहीं बने।
मुख्य सीवर लाइन की सफाई का कार्य पूरा
बस स्टैंड में बने शौचालय को बस स्टैंड के आगे से गुजर रही मुख्य सीवर लाइन से जोड़ा गया है। वहीं मुख्य सीवर लाइन में ब्लॉकेज के कारण पार्क गली, रेवाड़ी रोड और बस स्टैंड परिसर आदि स्थानों पर जल भराव की स्थिति बनी रहती है। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई आकाश यादव ने बताया कि मुख्य सीवर लाइन का कार्य वर्ष में एक बार किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 2 माह पहले मुख्य सीवर लाइन की सफाई का कार्य करवा दिया गया है।
बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय के दूषित पानी की निकासी के लिए नियमित अंतराल पर सीवर सफाई का कार्य किया जा रहा है। बारिश के मद्देनजर सीवर सफाई का कार्य करवाया जाएगा।
राजेश कुमार, बस अड्डा इंचार्ज, नारनौल।