महेंद्रगढ़। शादियों का सीजन नजदीक आते ही शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजार में फिर से रौनक लौटने लगी है। टैंट कारोबारियों, हलवाइयों और समारोह स्थल संचालकों के पास बुकिंग का दौर चल रहा है।
शहर के करीब सात समारोह स्थल 14 दिसंबर तक बुक हो चुके हैं। टैंट, लाइट, साउंड, फूलों की सजावट और खानपान की मांग बढ़ने से कारोबारियों के चेहरे खिले हैं। यही रफ्तार रही तो इस बार का सीजन पिछले साल से कहीं बेहतर रहेगा।
...............
सभी सामान की सफाई और रंग-रोगन कर तैयारी शुरू कर दी है। दुकान में शादियों के लिए पूरा स्टॉक तैयार है। अब तक 13 से 14 बुकिंग हो चुकी हैं। नवंबर और दिसंबर में जिन परिवारों की शादियां हैं, उन्होंने टैंट, सजावट, लाइटिंग और साउंड की एडवांस बुकिंग पहले ही करा ली है।-सुनील यादव, टैंट संचालक
...................
हलवाइयों के पास भी काम की कमी नहीं है। नवंबर से 14 दिसंबर तक की तारीखें पहले ही भर चुकी हैं। इस बार मिठाई और खाने के ऑर्डर पहले से ज्यादा हैं। लोग पारंपरिक व्यंजनों के साथ नई डिशें भी मांग रहे हैं, इसलिए तैयारी का स्तर बढ़ गया है। अब तक 14 से 15 बुकिंग हो चुकी हैं।-बिटू सैनी, हलवाई
..................
शादियों में लोगों की भागीदारी फिर बढ़ी है। इसी वजह से पिछले कुछ सालों की तुलना में इस बार समारोह स्थल ज्यादा बुक हो रहे हैं। कई परिवारों ने बुकिंग करा ली है। समारोह स्थलों पर परिवारों की जरूरत के हिसाब से सजावट, हलवाई और दूसरी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। अब तक 10 बुकिंग हो चुकी हैं।-अमित भार्गव, वेन्यू मैनेजर
..........................
देवउठनी एकादशी से शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। शहर और गांव, दोनों जगह के लोग समारोह स्थल बुक करा रहे हैं। दिसंबर तक की शादियों के लिए एडवांस बुकिंग हो रही है। नवंबर महीने में 8 से 10 बुकिंग हो चुकी हैं।-भरत खुराना, वेन्यू मैनेजर