सतनाली अनाज मंडी में बाजरे का उठान करते मजदूर।
महेंद्रगढ़/सतनाली/कनीना। किसानों के लिए मंडियों में उपज बिक्री करना किसी चुनौती से कम नहीं है। कहीं टोकन को लेकर तो कहीं व्यवस्थाओं के अभावों में किसानों को प्रतिदिन परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
सब डिपो में बनाए गए अस्थाई बाजरा खरीद केंद्र पर दो दिन में खरीदी गई उपज का उठान होना बाकी है। सब डिपो के अस्थायी खरीद केंद्र से 50 हजार बैग का उठान हो चुका है। जबकि 25 हजार बैग अभी भी खरीद केंद्र पर खुले आसमान तले रखे हैं। वीरवार को 200 किसानों से छह हजार क्वींटल बाजरे की खरीद हुई। वहीं सतनाली अनाज मंडी में 1600 किसानों से खरीदा गया 4500 एमटी बाजरे का कुल उठान किया जा चुका है। वीरवार को 40 हजार बैग का उठान किया गया है। वहीं कनीना में अभी तक कुल 4815 किसानों की उपज खरीद हुई है। किसानों से 7535 क्विंटल बाजरा खरीदा गया जबकि वीरवार तक कुल 63348 बैग का उठान हो चुका है।
टोकन को लेकर हुई नोकझोंक
सब डिपो में बाजरे के टोकन को लेकर नोकझोंक हो गई। दोपहर एक बजे आढ़ती बाजरा का टोकन कटवाने को लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर के पास गया। कंप्यूटर ऑपरेटर ने गेट पास की पर्ची मांगी गई। इस बात को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई। हैफड का कर्मचारी ने उसको समझाकर मामला शांत किया गया। करीब पांच मिनट बाद गेट पास व टोकन काटना शुरू कर दिया गया।