संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। देशभर में लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आने के बावजूद कई सरकारी विभागों के कार्यालयों में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। हालात यह हैं कि कई दफ्तरों में फायर सेफ्टी सिलिंडर तक नहीं लगे हैं जबकि कुछ जगह लगे हुए सिलिंडर एक्सपायरी डेट के पाए गए। ऐसे में अगर कहीं आगजनी की घटना हो गई तो आग कैसे बुझाएंगे?
शुक्रवार और शनिवार को विभिन्न विभागों के कार्यालयों की पड़ताल की गई। पड़ताल में सामने आया कि जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में आग से बचाव के लिए कोई भी आधुनिक व्यवस्था नहीं है। यहां सिर्फ मिट्टी की बाल्टियों के सहारे सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं जो किसी बड़ी घटना में बिल्कुल नाकाफी हैं।
नगर पालिका महेंद्रगढ़ जहां भवनों की सुरक्षा जांच कर एनडीसी जारी की जाती है, वहीं एक भी फायर सिलिंडर मौजूद नहीं है। इससे सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी उजागर होती है।
लघु सचिवालय परिसर में समाधान शिविर कक्ष के पास रखा फायर सिलिंडर भी एक्सपायरी डेट का पाया गया। तहसील कार्यालय जहां दिनभर लोगों की भारी भीड़ रहती है और महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड रखे जाते हैं, वहां फायर सेफ्टी की कोई व्यवस्था नहीं है।
बिजली निगम में 6 फायर सिलेंडर एक्सपायरी
बिजली निगम कार्यालय में हालात और भी खराब मिले जहां सभी छह फायर सिलिंडर एक्सपायरी डेट के पाए गए। मार्केट कमेटी, खाद्य आपूर्ति विभाग, बीडीपीओ कार्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग जैसे कई दफ्तरों में भी फायर सेफ्टी यंत्र या तो अनुपस्थित हैं या निष्क्रिय पड़े हैं।
-
- वर्जन:
प्रशासन की ओर से दमकल विभाग को लिखित में भेजकर फायर सेफ्टी सिलिंडरों की जांच के आदेश दिए थे। लघु सचिवालय में कई विभागों के कार्यालय में सिलिंडर बदलवा दिए गए हैं। विभागों के कार्यालयों में जांच करा शीघ्रता से ही जहां भी सिलिंडर एक्सपायर हैं उन्हें बदलवा दिया जाएगा। जिन विभागों में फायर सेफ्टी सिलिंडर नहीं हैं उनके मुखिया जल्द से जल्द सिलिंडर लगवाना सुनिश्चित करें।
-आईएएस योगेश सैनी, उपमंडल अधिकारी, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:51- तहसील कार्यालय में लगी आमजन की भीड़--संवाद
फोटो संख्या:51- तहसील कार्यालय में लगी आमजन की भीड़--संवाद