अटेली क्षेत्र में सैलून चलाने वाले से हथियार के बल पर पैसे मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में अटेली थाना की पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ आतंकी निवासी मंडी अटेली की रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि दीपक निवासी चंदपुरा ने अटेली थाना में दो नामजद के खिलाफ हथियार के बल पर पैसे मांगने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि गनियार रोड पर उसकी हेयर सैलून की दुकान है। 25 मार्च को बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर आए और पिस्टल दिखाकर पैसों की मांग की। वह डर गया और बदमाशों को एक हजार नौ सौ रुपये लाकर दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने अगले दिन दुकान पर और घर पर आकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने एक आरोपी यशवंत निवासी चंदपुरा को पहले ही गिरफ्तार कर नकदी बरामद कर ली थी। इस मामले में अब दिनेश उर्फ आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक नकली देसी पिस्टल (लाइटर) और नकदी बरामद की है।