नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सैनी 17 सितंबर को नारनौल में महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा और चौक का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वीरवार को सैनी सभा परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा प्रधान हरीश सैनी एडवोकेट ने की। इसमें कॉलेजियम सदस्यों और समाज के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री के नारनौल आगमन पर भव्य स्वागत करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। सभा पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सदस्यों ने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी गांव-गांव और शहर की गली-गली तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए प्रचार और जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए जल्द ही अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी।
बैठक को हरीश सैनी एडवोकेट, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, जेपी सैनी, रेणु दहिया, मास्टर जयप्रकाश सैनी, मुखराम सैनी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।