महेंद्रगढ़। तीन बदमाशों ने गैस एजेंसी की गाड़ी के चालक पर हमला कर 48 हजार रुपये लूटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल चालक को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव खुड़ाना निवासी लालचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंडेन कंपनी की गाड़ी का चालक है। गाड़ी से रोजाना गैस सिलिंडरों का ग्रामीण एरिया में वितरण करने के लिए जाता है। वीरवार को वह अपनी गाड़ी में 60 सिलिंडर भरकर गांव नौताना, स्याणा, पोता में गया। सिलिंडर बेचने के बाद उसके पास करीब 38000 रुपये आए थे। शाम करीब साढे़ तीन बजे जब वह खेड़ा नहर पास पहुंचा तो सामने एक व्यक्ति ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। लालचंद ने बताया कि उसने समझा कुएं पर रहने वाले कोई व्यक्ति सिलिंडर लेने के लिए इशारा कर रहा है। उसने जब गाड़ी रोकी तो सामने खड़े व्यक्ति ने गाड़ी के शीशे पर लोहे की रॉड मारी। इसके बाद हमलावर ने उसके सिर पर हथोड़ी मारी। इसके बाद हमलावर ने उसे खिड़की से नीचे खींच लिया। इसके बाद हमलावर उसे पीटते हुए घसीटकर सरसों के खेत में ले गया। जहां पर दो अन्य युवक भी थे। तीनों ने उसके साथ मारपीट करते हुए सिलिंडर रिफिल से आए 38 हजार तथा उसके अन्य 10 हजार रुपये छीन ले गए। हमलावरों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। बाद में फोन को खेत में कहीं फेंक गए। पीड़ित ने बताया कि तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। लालंचद ने बताया कि बदमाशों के फरार होने के बाद उसने पास के कुएं पर रहने वाले लोगों से मदद वह महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने लालचंद की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ कनीना विनय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गाड़ी चालक लालचंद की हालत सही है। वह जल्द ही मामले को सुलझा लेंगे।