गांव सुरहेती जाखल में बदमाशों ने कहा आपके घर में अवैध शराब बेचने की शिकायत मिली है। मैं सीआईडी टीम का सदस्य हूं, दरवाजा खोलो। दरवाजा खुलने के बाद नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बना लिया। फिर कनपटी पर कट्टा लगाकर बदमाशों ने 5.60 लाख रुपये के 14 तोले सोने के गहने, 15 हजार चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकदी की डकैती की। बदमाश करीब 5.95 लाख रुपये के गहने, नकदी ले गए। बदमाशों ने घर से बाहर जाते समय परिवार को कमरे में बंद कर दिया। सूचना के बाद डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डकैती का केस दर्ज कर तीन टीम गठित की है।
गांव सुरहेती जाखल निवासी सूरत सिंह ने बताया कि वे अपने खेत में बने मकान में रहते हैं। उनके साथ छोटी पुत्रवधू तथा पोता भी रहता है। छोटा बेटा सुशील विदेश में नौकरी करता है। मंगलवार की रात करीब 1 बजे किसी ने उनके घर का दरवाजा खटखाया। जब उन्होंने पूछा कौन तो दरवाजा खटखटाने वाले ने कहा मैं सीआईडी टीम से हूं। आपके घर में अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत है। हमें जांच करनी है आप दरवाजा खोलो। सूरत सिंह ने बताया जब उन्होंने दरवाजा खोला तो मुंह पर कपड़ा बांधे हुए 5-6 लोग घर में घुस आए। दो-तीन लोगों ने अपने हाथों में कट्टा, लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी आदि ले रखी थी। पीड़ित ने बताया कि एक बदमाश ने कट्टा मेरी कनपटी पर लगा दिया। बदमाशों ने कहा आपके पास जो भी है हमें दे दो। अपनी जान बचाने के डर से जो भी सोने, चांदी के आभूषण एवं नकदी उनको दे दिए। इसके बाद उन्होंने पूछा की साइड वाले कमरे में कौन सो रहा है तो उनकी पत्नी ने बताया कि पुत्रवधु और पोता सो रहे हैं। बदमाशों ने कहा उस कमरे को खुलवाओ, नहीं तो आपको जान से मार देंगे। बदमाशों ने पुत्रवधु की कनपटी पर कट्टा लगाकर उसके सोने, चांदी गहने भी ले लिए। बदमाशों ने जाते समय पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया। सूरत सिंह ने बताया कि डकैतों ने सोने की तीन चेन, चार जोड़ी कान के सोने के बाले, एक सोने का मंगलसूत्र, पांच सोने की अंगूठी, दो जोडी चांदी की पायल, एक एलईडी, तीन विदेशी कंबल, लगभग 20 हजार रुपये की नगदी, एक मोबाईल व 10 किलो देशी घी सहित अन्य सामान ले गए। डकैतों के जाने के बाद उन्होंने दूसरे मोबाइल से परिजनों को घटना से अवगत करवाया। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे । पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। मौके पर पहुंचे सतनाली थाना प्रभारी सज्जन शर्मा ने सुबह फिर से घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द डकैतों को गिरफ्तार कर सामान बरामद कराने की मांग की है। डीएसपी यादराम भी सुुबह मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया था। पीड़ित के बयान पर डकैती, बंधक बनाने, आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित की हैं। तीनों टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सज्जन शर्मा, थाना प्रभारी, सतनाली, महेंद्रगढ़।