नारनौल। जिले के यात्रियों को सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार को जिले से 95 रोडवेज बस गुरुग्राम में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए भेजी गई है, जो सोमवार को पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ से कार्यक्रम में लोगों को लेकर रवाना होंगी। इससे स्थानीय लोगों को निजी बसों के सहारे ही सफर करना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को द्वारका एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में लोगों के पहुंचने के लिए रोडवेज बसों को लगाया गया है। नारनौल डिपो में 160 रोडवेज बस है, इसमें से 130 रोडवेज बस अभी जिले के विभिन्न रूटों से चल रही है। अब रोडवेज विभाग की तरफ से पलवल के लिए 50, रेवाड़ी के लिए 20 और महेंद्रगढ़ से 10 बसों को गुरुग्राम कार्यक्रम के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा 10 बसों को रिजर्व रखा गया है। बता दे कि अभी हाल ही महेंद्रगढ़ डिपो से शुक्रवार को नूंह के लिए 30 बस भेजी गई थी, जो शनिवार देर सायं महेंद्रगढ़ पहुंची थी। जिसके बाद अब रविवार सुबह दोबारा गुरुग्राम के लिए बस रवाना की जाएगी, जिसकी वजह से यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
नारनौल डिपो के पास 160 बसों का बेड़ा
नारनौल डिपो में 160 बसों का बेड़ा है। इसमें से 130 बस विभिन्न रूटों पर दौड़ रही है। इन 160 बसों में 10 एसी बस, 20 मिनी बस और 20 लीज की बस शामिल है। ऐसे में 95 बसों को गुरुग्राम कार्यक्रम के लिए भेजने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सोमवार को लंबे रूट पर जाने वाले यात्रियों को निजी बसों का सहारा लेना पड़ेगा।
नारनौल डिपो से 50 पलवल, 20 रेवाड़ी भेजी गई है। इसके अलावा महेंद्रगढ़ जिले से भी गुरुग्राम कार्यक्रम में 10 रोडवेज बस जाएंगी। वहीं 10 रोडवेज बसों को रिजर्व रखा गया है। अगर इनमें कोई खराब हो जाती है तो उन्हें भेजा जाएगा।
ब्रह्म प्रकाश, सीआई नारनौल डिपो।