फोटो संख्या:86- मोहल्ला सैनीपुरा में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से तोड़ी गई सड़क---
महेंद्रगढ़। शहर के मोहल्ला सैनीपुरा में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिना नगर पालिका की अनुमति के सड़क तोड़ने को लेकर दोनों विभागों के अधिकारी आमने-सामने हो गए हैं। नपा अधिकारियों का कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ला सैनीपुरा में तीन माह पहले बनाई सड़क को बिना अनुमति तोड़ दिया है।
हालांकि, जन स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि लोगों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए वॉल चैंबर लगाए जाएंगे। मोहल्ले में नियमित पेयजल आपूर्ति के लिए वॉल चैंबर लगाकर पानी आपूर्ति सूचारू की जाएगी।
नगर पालिका की टीम की ओर से जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजी गई टीम का सामान भी जब्त कर लिया गया था लेकिन अधिकारियों ने आपसी तालमेल से यह सामान वापस दिला दिया।
नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता नवदीप ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सड़क तोड़ने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। नपा के दायरे में आने वाले कोई भी सड़क को तोड़ने के लिए बीटी बिल के हिसाब से राशि की अदायगी करनी होती है।
राशि जमा कराने के बाद ही नगर पालिका सड़क तोड़ने के लिए स्वीकृति प्रदान करती है व समस्या का समाधान होने के बाद तोड़ी गई सड़क का निर्माण कराया जाता है लेकिन बिना अनुमति सड़क तोड़ने पर अब नपा अधिनियम के तहत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियान मनीष ने बताया कि मोहल्लापुरा में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए वॉल चैंबर लगाने का कार्य किया जा रहा है।
कई दिनों से मोहल्ले में पेयजल की समस्या बनी हुई थी और लोगों द्वारा बार-बार विभाग को शिकायत की जा रही थी। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए यह सड़क तोड़ी गई है। विभाग के नियमानुसार नपा के बिल की अदायगी की जाएगी।