मेघोत हाला के आम रास्तों के पक्का निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जा रही है। इसके कारण रास्ता क्षतिग्रस्त होने लगा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सामग्री की क्वालिटी सुधारने की गुहार लगाई है। जितेंद्र कुमार, अजीत, नीरज, सुभाष, प्रदीप, हंसराज आदि ग्रामीणों ने बताया कि करीब 65 लाख की लागत से गांव की फिरनी तथा आमरास्तों का पक्का निर्माण हो रहा है। टेंडर के दौरान ठेकेदार को निर्धारित मापदंडानुसार सामाग्री इस्तेमाल के निर्देश दिए गए।
लेकिन आर्थिक बचत करने के लिए ठेकेदार ने सीमेंट, टाइल घटिया क्वालिटी की खरीदी हैं। दो पहिया वाहन का लोड पड़ते ही इंटरलाक टाइल टूट जाती है। इसके अलावा चार महीने पहले निर्मित नालियों की लिपाई नहीं की गई। जिनमें घरों से निकला हुआ गंदा पानी जमा हो गया। उन्होंने कहा कि गंदे जलभराव में मच्छर पैदा हो गए। जिनके काटने से ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से निर्माण सामाग्री का सैंपल भरवाने की गुहार लगाई है। पंचायती राज विभाग के जेई हरिओम ने बताया कि घटिया सामग्री की कंप्लेंट नहीं मिली। सोमवार को स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई होगी।